Tel Aviv News: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के परिवार से जुड़ा एक बड़ा और नया विवाद सामने आया है। पीएम के बड़े बेटे यायर नेतन्याहू ने आधिकारिक रूप से अपना नाम बदलकर ‘योनातन हुन’ कर लिया है। लीक हुए डेटा के अनुसार, यह बदलाव पिछले दो वर्षों के भीतर किया गया है।
टैक्स फाइलिंग के रिकॉर्ड से पता चलता है कि वर्ष 2024 तक उन्होंने अपने मूल नाम का ही इस्तेमाल किया था। लेकिन वर्ष 2026 की हालिया टैक्स फाइलिंग में उन्होंने अपना नया नाम दर्ज कराया है। प्रधानमंत्री के बेटे के इस कदम को वित्तीय गड़बड़ियों और शक की नजर से देखा जा रहा है।
टैक्स और भ्रष्टाचार के मामलों के बीच रेगुलेटरी अपडेट
इजरायली मीडिया के अनुसार, नेतन्याहू परिवार इस समय कई बड़े टैक्स और भ्रष्टाचार के मामलों का सामना कर रहा है। 34 वर्षीय एक्टिविस्ट योनातन हुन ने आधिकारिक रिकॉर्ड में यह बदलाव अपने मौजूदा नेशनल आइडेंटिफिकेशन नंबर के तहत ही एक रेगुलेटरी अपडेट के माध्यम से किया है।
इस आधिकारिक दस्तावेज में उन्होंने अपना रेसिडेंशियल एड्रेस केवल ‘बाल्फोर 0’ दर्ज कराया है। यह पता सीधे तौर पर इजरायल के प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास की ओर इशारा करता है। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय या नेतन्याहू परिवार की तरफ से इस नाम बदलने पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
इस फैसले को लेकर इजरायल की जनता के बीच एक नई बहस छिड़ गई है। देश में जारी युद्ध के बीच जहां सभी रिजर्व सैनिकों को मोर्चे पर बुलाया गया है, वहीं पीएम के बेटे वर्ष 2023 से ही फ्लोरिडा में रह रहे हैं। विदेश में रहने के कारण उनकी पहले ही काफी तीखी आलोचना हो रही थी।
‘योनातन हुन’ नाम का ऐतिहासिक संदर्भ और पारिवारिक जड़ें
आलोचकों का दावा है कि उन्होंने युद्ध में शामिल होने से बचने या टैक्स संबंधी जांच से राहत पाने के लिए यह तरकीब अपनाई है। हालांकि, इस नए नाम का एक बड़ा ऐतिहासिक संदर्भ भी है। उनका पहला नाम ‘योनातन’ मुख्य रूप से उनके दिवंगत चाचा ‘योनी नेतन्याहू’ को एक भावभीनी श्रद्धांजलि माना जा रहा है।
उनके चाचा वर्ष 1976 में युगांडा के एक सैन्य मिशन के दौरान शहीद हुए थे और इजरायल में नायक माने जाते हैं। दूसरी ओर, ‘हुन’ उपनाम उनके परिवार की पुरानी जड़ों को दर्शाता है। नेतन्याहू परिवार के पूर्वज बेन आर्टजी जब इजरायल आए थे, तब उनका मूल नाम सैमुअल हुन था।
अपने इसी पारिवारिक इतिहास और बुजुर्गों की याद में उन्होंने अपने नाम में ‘हुन’ शब्द को जोड़ा है। इससे पहले भी वह अपने एक निजी पॉडकास्ट के दौरान ‘यायर हुन’ नाम का आंशिक इस्तेमाल कर चुके हैं। परंतु, अब सरकारी और टैक्स दस्तावेजों में दर्ज होने से यह नाम पूरी तरह पक्का हो गया है।

