Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे राजस्थान के तीर्थयात्रियों की एक तेज रफ्तार इनोवा कार देवप्रयाग के पास अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में समा गई। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
खाई में गिरने के बाद नदी में बही कार
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा में गंगा दर्शन होटल के पास हुआ। कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरे तेज ढलान से सीधे नीचे बह रही गंगा नदी में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
देवप्रयाग के तहसीलदार वीरम सिंह पंवार के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार (यूके 08 टीए 5433) में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। ये सभी यात्री राजस्थान के जैसलमेर जिले के रहने वाले थे, जो चारधाम यात्रा के तहत बदरीनाथ धाम गए हुए थे। पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार पीड़ितों के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में मिला 12 साल का मासूम
देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि ब्यासी और ऋषिकेश से बुलाए गए विशेष गोताखोरों ने नदी के ढलान पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 12 वर्ष का एक मासूम बालक आयुष्मान गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत मलबे से निकालकर श्रीनगर के बेस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
नदी के तट से दो पुरुषों और दो महिलाओं के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी शिनाख्त की कोशिशें जारी हैं। कार में सवार अन्य तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता यात्रियों को खोजने के लिए नदी में राफ्ट और अत्याधुनिक उपकरणों के जरिए देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उनका सुराग नहीं मिल पाया।
गाड़ी के सभी दस्तावेज सही, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार हरिद्वार आरटीओ कार्यालय में प्रवेश कुमार के नाम पर पंजीकृत है। प्राथमिक जांच में गाड़ी के परमिट, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और अनिवार्य ग्रीनकार्ड सहित सभी कानूनी कागजात बिल्कुल सही पाए गए हैं। तकनीकी खराबी या मानवीय भूल के कोण से हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Author: Manish Rathore


