Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गोरखपुर मंडल के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मानसून के दस्तक देने से पहले आखिरी चरण में पहुंच चुकी सभी प्रमुख परियोजनाओं को हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। शहर में जलभराव रोकने के लिए नगर निगम को नाला-नालियों की सफाई और पंपिंग स्टेशनों की जांच समय से पूरी करने को कहा गया है।
गोड़धोइया नाला निर्माण इसी महीने पूरा करने की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने जल निगम को इस महीने के अंत तक गोड़धोइया नाला का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न करने का निर्देश दिया, ताकि जनता को जलभराव से निजात मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को समझाया कि बरसात में खुले में होने वाले निर्माण कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए तेजी दिखाएं।
बैठक में बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि पैडलेगंज-टीपी नगर सिक्सलेन ओवरब्रिज, पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन और पैडलेगंज-छात्रसंघ चौराहा-बेतियाहाता जैसी बड़ी परियोजनाएं निर्माण के अंतिम चरण में हैं। इसके अलावा बाढ़ से बचाव के लिए बंधों की निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
शहर के एंट्री पॉइंट्स को भव्य और सुंदर बनाने के निर्देश
योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर के सभी एंट्री पॉइंट्स को और अधिक खूबसूरत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन रास्तों पर विशेष सफाई व्यवस्था के साथ हरित पट्टी विकसित की जाए। इसके साथ ही जीडीए को एंट्री गेट का काम जल्द शुरू करने को कहा गया है।
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बैठक में बताया कि रामगढ़ताल और नया सवेरा की सफाई के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। पैडलेगंज रिंग रोड के पास नालों का पानी ओवरफ्लो होकर ताल में न गिरे, इसके पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मोहद्दीपुर-सहारा एस्टेट रिंग रोड निर्माण की प्रगति भी जांची गई।
तीन मंडलों की संयुक्त खरीफ गोष्ठी में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री बुधवार सुबह एनेक्सी भवन सभागार में आयोजित होने वाली तीन मंडलों (गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़) की संयुक्त खरीफ गोष्ठी में शामिल होंगे। इस गोष्ठी में कृषि और पशुपालन विभागों के प्रमुख सचिव, कमिश्नर, डीएम और प्रगतिशील किसान मौजूद रहेंगे। इसके बाद वह गीडा के कार्यक्रम में जाएंगे।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस को पशु तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि गरीबों और असहायों की भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर शिकंजा कसकर उन्हें सीधे जेल भेजा जाए। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में रात की गश्त बढ़ाई जाए।
Author: Ajay Mishra


