हिमाचल के प्रसिद्ध मेले में छापेमारी से मचा हड़कंप, क्या सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे बड़े कारोबारी?

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला स्थित करसोग उपमंडल में प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। नशे का अवैध सामान बेचने वाले दुकानदारों पर प्रशासन ने सख्त चाबुक चलाया है। फ्लाइंग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने अचानक कई जगह छापेमारी की।

इस विशेष टीम ने क्षेत्र के बरल, चुराग और प्रसिद्ध माहूंनाग मेले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचने से मिलावटखोरों और लापरवाह दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए नियमों की अनदेखी करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया है।

माहूंनाग मेले में सड़ा-गला खाना कराया नष्ट

फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने मौके पर भारी मात्रा में असुरक्षित और खराब भोजन जब्त किया। सेहत के लिए बेहद हानिकारक इस अस्वच्छ खाद्य सामग्री को तुरंत नष्ट करवा दिया गया। कार्रवाई में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान सहित कई वरिष्ठ फूड सेफ्टी अधिकारी शामिल रहे।

इस संयुक्त टीम ने सबसे पहले बरल क्षेत्र में दबिश देकर चेकिंग शुरू की। यहां टीम ने तंबाकू नियंत्रण कानून यानी कोटपा (KOTPA) का खुला उल्लंघन कर रहे दुकानदारों के धड़ाधड़ चालान काटे। इसके बाद सभी अधिकारी सीधे प्रसिद्ध माहूंनाग मेले की तरफ रवाना हुए।

टीम ने मेले में लगी मिठाई, आइसक्रीम और ठंडे पेय पदार्थों के स्टॉल्स की बारिकी से जांच की। अधिकारियों ने मेले में टैटू बनाने वाले स्टॉल्स के लाइसेंस भी देखे। इस दौरान खराब पाई गई खाद्य सामग्री को तुरंत फिंकवा कर दोषी दुकानदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की।

नियम ताक पर रखने वालों को सख्त चेतावनी

मेले में जांच पूरी करने के बाद फ्लाइंग स्क्वायड ने चुराग क्षेत्र का रुख किया। यहां निरीक्षण के दौरान टीम ने एक दुकानदार को नियमों के खिलाफ खुली सिगरेट बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए इस दुकानदार पर पांच हजार रुपए का भारी जुर्माना ठोका।

पूरी कार्रवाई के बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान ने कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और छोटे बच्चों को नशे से बचाना है। इसके साथ ही मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को पूरी तरह स्वच्छ भोजन देना है।

डॉ. चौहान ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। लापरवाही बरतने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन आने वाले समय में भी ऐसी औचक छापेमारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रखेगा।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories