Chandigarh News: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यू चंडीगढ़ में अफगानिस्तान के खिलाफ इतिहास रच दिया है। इकलौते टेस्ट मैच में टीम प्रबंधन ने युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार को टेस्ट डेब्यू का शानदार मौका दिया है। इसके साथ ही वह टेस्ट प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 319वें खिलाड़ी बन गए हैं।
बीसीसीआई की सीनियर सिलेक्शन कमेटी ने इस बड़े मुकाबले के लिए स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को आराम देने का फैसला किया था। सेलेक्टर्स ने जडेजा की जगह ही मानव को मुख्य स्क्वाड में शामिल किया। खास बात यह है कि मानव भी जडेजा की तरह ही आक्रामक बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं।
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने सौंपी डेब्यू कैप
मैच शुरू होने से पहले दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव ने मानव सुथार को उनकी आधिकारिक टेस्ट कैप सौंपी। मैदान पर मानव अब कुलदीप के साथ मिलकर स्पिन जोड़ी बनाएंगे। दोनों मिलकर अपनी फिरकी के जाल में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को फंसाकर भारत को शानदार जीत दिलाने का प्रयास करेंगे।
राजस्थान के श्री गंगानगर के रहने वाले मानव सुथार ने फरवरी 2022 में अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपना पहला मुकाबला आंध्र प्रदेश की मजबूत टीम के खिलाफ खेला था। घरेलू क्रिकेट के सभी प्रारूपों में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने का इनाम उन्हें अब मिला है।
मानव सुथार ने अब तक अपने करियर में कुल 29 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 129 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा लिस्ट-ए के 25 मैचों में उनके नाम 34 विकेट दर्ज हैं। वहीं टी20 के 29 मैचों में वह 25 विकेट ले चुके हैं।
गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी किया है कमाल
मानव सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि अपने बल्ले से भी टीम के लिए बड़ा योगदान देते हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास मैचों में अब तक कुल 945 रन बनाए हैं। वहीं लिस्ट-ए मैचों में उनके बल्ले से 350 रन निकले हैं। फर्स्ट क्लास मैचों में वह एक बेहतरीन शतक और छह शानदार अर्धशतक भी जड़ चुके हैं।
घरेलू सत्र के अलावा मानव सुथार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी अपना जलवा बिखेर रहे हैं। वह आईपीएल में शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस टीम की तरफ से खेलते हैं। अपनी शानदार खेल शैली की बदौलत वह लंबे समय से भारतीय चयनकर्ताओं के रडार पर बने हुए थे।
साल 2023 में भारत की मेजबानी में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप के दौरान मानव को टीम इंडिया के नेट प्रैक्टिस कैंप में शामिल किया गया था। वहां सीनियर बल्लेबाजों को अभ्यास कराने के बाद से ही बीसीसीआई लगातार उन्हें अपने मुख्य क्रिकेट सेटअप का हिस्सा बनाए हुए है।
Author: Prem Sharma


