एशियन गेम्स की टीम से मनिका बत्रा पत्ता साफ, घरेलू टूर्नामेंट्स न खेलने की मिली बड़ी सजा, जानें कौन हुआ इन

- Advertisement -

New Delhi Sports: भारत की सबसे मशहूर टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा को इस साल होने वाले एशियन गेम्स के लिए राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया है। मनिका टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) की तय चयन प्रक्रिया को पूरा करने में पूरी तरह नाकाम रहीं। इस कड़े फैसले ने खेल जगत को हैरान कर दिया है।

घरेलू इवेंट्स में गैर-मौजूदगी बनी बड़ी वजह

मनिका बत्रा को टीम से बाहर करने की मुख्य वजह घरेलू टूर्नामेंट्स से उनकी दूरी है। राष्ट्रीय आयोजनों में भाग न लेने के कारण वह टीटीएफआई की रैंकिंग लिस्ट में शामिल नहीं हो सकीं। नियम पूरा न होने की वजह से फेडरेशन ने कड़ा रुख अपनाया और उन्हें मुख्य टीम में जगह नहीं दी।

- Advertisement -

जापान में होगा एशियन गेम्स का आयोजन

इस बार 20वें एशियन गेम्स का आयोजन जापान के आईची-नागोया में होने जा रहा है। खेल महाकुंभ का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस बड़े इवेंट में टेबल टेनिस के मुकाबले 20 से 28 सितंबर के बीच खेले जाएंगे। देश के शीर्ष खिलाड़ी पदक के लिए दांव लगाएंगे।

कॉमनवेल्थ की पदक विजेता अब रिजर्व खिलाड़ियों में

मनिका बत्रा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में कई पदक जीते हैं और साल 2018 के एशियन गेम्स में मिक्स्ड डबल्स में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था। वह दुनिया की 51वीं रैंकिंग की खिलाड़ी हैं, जबकि भारत में दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, इस बार उन्हें स्वास्तिका घोष के साथ रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया है।

श्रीजा अकुला कर रही हैं महिला टीम की अगुवाई

भारत की तरफ से फिलहाल 45वीं वैश्विक रैंक के साथ श्रीजा अकुला सबसे ऊंची रैंकिंग वाली महिला खिलाड़ी हैं। टीटीएफआई की नीति के अनुसार, चयन प्रक्रिया केवल अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय रैंकिंग के कड़े आधार पर की जाती है। फेडरेशन का मकसद एशिया के इस बड़े मंच पर देश के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म वाले खिलाड़ी भेजना है।

पुरुष टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का दम

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुषों की टीम की अगुवाई अनुभवी खिलाड़ी जी. साथियान और हरमीत देसाई करने जा रहे हैं। उनके साथ राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ी मानव विकास ठक्कर और मानुष शाह को भी मुख्य टीम में मौका मिला है। पुरुष टीम से इस बार पदक की मजबूत उम्मीदें लगाई जा रही हैं।

भारतीय टेबल टेनिस टीम का पूरा स्क्वाड

घोषित टीम में पुरुष वर्ग से जी साथियान, मानव ठक्कर, मानुष शाह, पायस जैन और हरमीत देसाई शामिल हैं। वहीं महिला टीम में श्रीजा अकुला, यशस्वीनी घोरपड़े, दिया चित्ले, सुतीर्था मुखर्जी और सिंड्रेला दास को जगह मिली है। रिजर्व खिलाड़ियों में मनिका बत्रा, स्वस्तिका घोष, अंकुर भट्टाचारजी और रोनित भांजा हैं।

Author: Prem Sharma

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles