Rohtak News: हरियाणा के पहलवानों ने अंडर-23 महिला और पुरुष नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के खिलाड़ियों ने विरोधियों को चित करते हुए 4 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदक जीते। कुल 10 पदकों के साथ हरियाणा 200 अंक हासिल कर मेडल टैली में पहले स्थान पर रहा।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 138 अंकों के साथ सर्विसेज की टीम दूसरे और 124 अंकों के साथ पंजाब तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के पहले दिन बेटियों ने भी शानदार खेल दिखाया, जिससे पहले दिन कुल पदकों की संख्या 18 तक पहुंच गई। इन पदक विजेताओं को भविष्य के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए तैयार किया जाएगा।
हरियाणा के रूपेश, पारस, वंश और शिवम ने जीते गोल्ड मेडल
प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम वर्ग में हरियाणा के रूपेश ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं 79 किलोग्राम में पारस, 92 किलोग्राम में वंश गुलिया और 97 किलोग्राम वर्ग में शिवम ने स्वर्ण पदक जीते। सभी गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए इंडिया कैंप में किया जाएगा।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में चल रही प्रतियोगिता के दूसरे दिन एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 42 खेल स्टेडियमों का इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के लिए सरकार 114 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इससे राज्य के उदीयमान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

