Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली खबरों के बीच एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के चौकी मन्यार में सड़क हादसे में घायल एक बाइक सवार युवक के लिए स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू देवदूत बनकर सामने आए। विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद घायल का प्राथमिक उपचार किया।
आधी रात को सड़क पर पलटी बाइक
चौकी मन्यार निवासी एक युवक रात को बड़ूही बाजार से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। घर के पास पहुंचते ही अचानक सड़क पर एक आवारा कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के चक्कर में उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में युवक के हाथ और पैर पर काफी गंभीर चोटें आईं और काफी खून बहने लगा।
रात के समय सड़क पर आवाजाही बहुत कम होने के कारण घायल युवक लहूलुहान हालत में सड़क किनारे तड़प रहा था। इसी दौरान चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। उनकी नजर जैसे ही सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया। विधायक बिना देर किए गाड़ी से नीचे उतरे।
विधायक ने खुद अपने हाथों से की पट्टी
विधायक ने अपनी गाड़ी से फर्स्ट-एड किट मंगवाई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर रोशनी की। इसके बाद विधायक सुदर्शन बबलू ने खुद जमीन पर बैठकर घायल युवक के घावों को साफ किया। उन्होंने अपने हाथों से दवा लगाई और पट्टी बांधी। विधायक ने युवक को ढांढस बंधाकर सुरक्षित उसके घर भिजवाने का प्रबंध किया।
Author: Sunita Gupta

