Lifestyle News: सोशल मीडिया पर हर दिन कोई न कोई नया शब्द ट्रेंड करने लगता है। कभी किसी मशहूर सेलिब्रिटी को सोशल मीडिया पर गोल्ड डिगर (Gold Digger) कहा जाता है, तो कभी किसी इन्फ्लुएंसर को क्लाउट चेजर (Clout Chaser) कहकर ट्रोल किया जाता है।
हाल ही में ये शब्द तब दोबारा चर्चा में आए, जब पूर्व आईपीएल चीफ ललित मोदी ने एक्ट्रेस सुष्मिता सेन पर लग रहे ‘गोल्ड डिगर’ के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि सुष्मिता सेन एक बेहद मजबूत और सेल्फ-मेड वुमेन हैं।
ललित मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि सुष्मिता सेन ने अपने दम पर नाम, पैसा और पहचान बनाई है। इतना ही नहीं, उन्होंने खुद को ही ‘डायमंड डिगर’ बताया है। आइए इस ताजा मामले के जरिए इंटरनेट की अतरंगी डिक्शनरी के 4 वायरल शब्दों का मतलब जानते हैं।
1. गोल्ड डिगर (Gold Digger)
आसान शब्दों में कहें तो इसका मतलब केवल पैसे या ऐश-ओ-आराम के लिए कोई रिश्ता रखना है। गोल्ड डिगर उस व्यक्ति को कहा जाता है, जो किसी भी रिश्ते में प्यार या भावनाओं से ज्यादा सामने वाले के पैसे, दौलत या स्टेटस को अहमियत देता है।
जब कोई व्यक्ति सिर्फ इसलिए किसी अमीर इंसान के साथ रिश्ता बनाता है क्योंकि उसे महंगे गिफ्ट्स, पैसा या लग्जरी लाइफ चाहिए, तो लोग उसे गोल्ड डिगर कहते हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर यह शब्द अक्सर बिना सोचे-समझे किसी के लिए भी इस्तेमाल कर दिया जाता है।
2. क्लाउट चेजर (Clout Chaser)
इसका सीधा सा मतलब होता है नाम, शोहरत या सोशल मीडिया फॉलोअर्स पाने के लिए किसी भी हद तक जाना। अंग्रेजी में ‘क्लाउट’ का मतलब प्रभाव या पावर होता है। जब कोई इंसान किसी मशहूर हस्ती के साथ केवल फायदे के लिए जुड़ता है, तो उसे यह कहते हैं।
ऐसा व्यक्ति सिर्फ इसलिए किसी पॉपुलर सेलिब्रिटी के साथ दोस्ती या रिश्ता बनाता है ताकि उसे भी मीडिया में भरपूर फुटेज और लाइमलाइट मिल सके। इससे उनके खुद के सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स तेजी से बढ़ते हैं, जिसके लिए वे अक्सर विवादों का सहारा लेते हैं।
3. डायमंड डिगर (Diamond Digger)
ललित मोदी ने खुद को डायमंड डिगर बताया है, जिसका मतलब पैसे से ऊपर उठकर इंसान की असली कीमत या उसकी अच्छी पर्सनैलिटी की कद्र करने वाला इंसान होता है। उनका कहना है कि सुष्मिता जैसी शानदार, आत्मनिर्भर और साफ दिल की महिला का साथ पाना गर्व की बात है।
सुष्मिता सेन खुद एक हीरा हैं और जब आप किसी की बाहरी दौलत को नहीं, बल्कि उसके अंदर छिपी खूबियों और अच्छे स्वभाव के दीवाने होते हैं, तो आप ‘डायमंड डिगर’ कहलाते हैं। यह शब्द सोशल मीडिया पर सकारात्मक और सम्मानजनक रूप से इस्तेमाल होता है।
4. सिम्प (Simp) का मतलब क्या होता है?
सिम्प (Simp) सोशल मीडिया का एक और बेहद वायरल शब्द है। इसका इस्तेमाल अक्सर ऐसे व्यक्ति के लिए किया जाता है जो किसी को प्रभावित या खुश करने के लिए जरूरत से ज्यादा कोशिश करता है, भले ही सामने वाला इंसान उसकी बिल्कुल भी परवाह न करता हो।
अगर कोई व्यक्ति किसी के लिए हर समय बिना मांगे उपलब्ध रहता है, उसकी हर सही-गलत बात पर तारीफ करता है और अपनी खुद की जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज कर देता है, तो सोशल मीडिया पर लोग उसे ‘Simp’ कहकर बुलाने लगते हैं।
Author: Karuna Sen


