Ramnagar News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर स्थित ढेला क्षेत्र के एक्रोन रिजॉर्ट में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शनिवार को औचक छापेमारी कर 52 युवकों और 10 युवतियों को बेहद आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पोक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
मेरठ के कारोबारी ने कंपनी पार्टी के नाम पर बुक किया था रिजॉर्ट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस को रिजॉर्ट में चल रही अनैतिक गतिविधियों की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल, एसओजी और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन कर यह बड़ी कार्रवाई की गई। रिजॉर्ट में नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से युवतियां बुलाई गई थीं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी पार्टी का मुख्य आयोजक मेरठ के मुल्ताननगर का रहने वाला कारोबारी उपेंद्र कुमार है। उपेंद्र सिकंदराबाद इंसेक्टिसाइड नामक कृषि उपकरण बनाने वाली कंपनी का मालिक है। उसने अपनी कंपनी से जुड़े डीलरों और कर्मचारियों के मनोरंजन के लिए करीब 10 दिन पहले दो लाख 20 हजार रुपये में यह रिजॉर्ट बुक किया था।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि बुकिंग के समय ही शराब और लड़कियों की मांग की गई थी, जिसे रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर (जीएम) लखेंद्र चौधरी ने स्वीकार कर लिया था। उपेंद्र ने अपने एक कर्मचारी सुनील कुमार के माध्यम से राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी नामक सप्लायर से 10-10 हजार रुपये के हिसाब से इन युवतियों को रामनगर बुलवाया था।
अवैध गतिविधियां संचालित करने पर एक्रोन रिजॉर्ट पूरी तरह सील
एसएसपी ने बताया कि आरोपी व्हाट्सएप पर युवतियों की तस्वीरें एक-दूसरे से साझा करते थे और फिर कमरे तय किए जाते थे। आरोपियों के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक तस्वीरें और चैट बरामद हुए हैं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, शराब और बीयर की पेटियां, म्यूजिक सिस्टम और महिलाओं पर उड़ाए गए रुपयों की गड्डियां बरामद की हैं।
कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 52 आरोपियों में से एक युवक नाबालिग है, जबकि छुड़ाई गई 10 युवतियों में से भी एक किशोरी शामिल है। रिजॉर्ट के जीएम लखेंद्र चौधरी ने पकड़े जाने से बचने के लिए अपने स्टाफ को आगंतुक रजिस्टर (विजिटर रजिस्टर) में किसी भी युवक-युवती की एंट्री न करने के सख्त निर्देश दिए थे।
इस जघन्य और अनैतिक कृत्य के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक्रोन रिजॉर्ट को पूरी तरह से सील कर दिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि रिजॉर्ट का फरार जनरल मैनेजर लखेंद्र चौधरी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

