Jamshedpur News: झारखंड के जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद बिद्युत बरण महतो ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की है। सांसद ने कोल्हान क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रेलमंत्री को एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा।
सांसद महतो ने टाटानगर से खड़गपुर, भुवनेश्वर, विजयनगरम और काटपाड़ी होते हुए बेंगलुरु तक एक नई सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की पुरजोर मांग की है। इस रूट पर ट्रेन चलने से दक्षिण भारत में इलाज और उच्च शिक्षा के लिए जाने वाले हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
गम्हरिया-आदित्यपुर के बीच चौथी रेललाइन और नए प्लेटफॉर्म बनाने का प्रस्ताव
रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ट्रैफिक जाम और कंजेशन की गंभीर समस्या से निपटने के लिए सांसद ने गम्हरिया से आदित्यपुर के बीच चौथी रेललाइन के निर्माण को जल्द पूरा करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर चार नए प्लेटफॉर्म बनाने की भी मांग की है।
उन्होंने रेलमंत्री को बताया कि टाटानगर में वंदे भारत एक्सप्रेस के मेंटेनेंस डिपो के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड से जल्द से जल्द आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की जाए। इसके अतिरिक्त, आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस का विस्तार टाटानगर तक करने की मांग की ताकि दिल्ली के लिए एक और सीधी ट्रेन मिल सके।
मालगाड़ियों का दबाव कम करने के लिए नई बाईपास रेललाइन का दिया सुझाव
सांसद महतो ने रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चांडिल से नीमड़ीह, बोडाम और पटमदा होते हुए बांडवान प्रस्तावित रेललाइन को पुरुलिया-झाड़ग्राम लाइन से जोड़ने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया। यह नई बाईपास रेललाइन बनने से टाटानगर स्टेशन पर मालगाड़ियों का भारी दबाव काफी कम हो जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने टाटा-बदामपहाड़ रेलखंड पर स्थित मकदमपुर में एक नए रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का भी अनुरोध किया। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा दिए गए सभी विकासात्मक सुझावों को बेहद गंभीरता से सुना और उन पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया।

