Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के झटिपुर गांव में स्थित एक टेक्सटाइल फैक्ट्री के क्वार्टर में बारिश के बाद अचानक करंट उतर आया। इस हादसे की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।
बारिश के बाद क्वार्टर में फैला करंट, भाई को बचाने में बहन भी झुलसी
मृतक किशोर की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के आमूवा गांव निवासी संदीप के रूप में हुई है। संदीप का परिवार पिछले एक महीने से झटिपुर गांव की मित्तल टेरीटॉवल फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। हादसे के वक्त परिवार के अन्य सदस्य फैक्ट्री में चिनाई के काम पर गए हुए थे।
संदीप अपनी छोटी बहन के साथ फैक्ट्री परिसर में बने क्वार्टर के अंदर मौजूद था। तभी तेज बारिश के कारण अचानक पूरे क्वार्टर की दीवारों और फर्श पर करंट फैल गया। संदीप को तड़पता देख उसकी छोटी बहन ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे वह भी झुलस गई लेकिन किस्मत से उसकी जान बच गई।
आठवीं का छात्र था संदीप, छुट्टियों में माता-पिता से मिलने आया था पानीपत
हादसे के तुरंत बाद अचेत संदीप को पानीपत के सामान्य (सिविल) अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद मृतक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि संदीप आठवीं कक्षा का छात्र था। वह स्कूल की छुट्टियां होने के कारण अपने माता-पिता से मिलने पानीपत आया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

