Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस के पीछा किए जाने के दौरान तेज रफ्तार एक एसयूवी ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों सहित चार अन्य घायल हो गए। एसयूवी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा परशुराम चौराहे पर तड़के करीब पौने तीन बजे हुआ।
रामनवमी पर दर्शन कर लौट रहे थे परिवार
ग्वालियर जोन केपुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने बताया कि मृतक रामनवमी के अवसर पर शीतला माता मंदिर में दर्शन करने के बाद ऑटो-रिक्शा से लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो एक नीम के पेड़ से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया।
मृतकों में पति-पत्नी और उनके रिश्तेदार शामिल
मृतकोंकी पहचान इंद्रजीत शाक्य (55), उनकी पत्नी लीला (52), शुभम कश्यप (30), उनकी पत्नी शगुन (25) और रिश्तेदार पिंकी कश्यप (60) के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। घायलों में प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) और ऑटो चालक राजेश कुमार (28) शामिल हैं। घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस पीछा कर रही थी, चालक गिरफ्तार
पुलिस केअनुसार, एसयूवी चालक पहले बस स्टैंड के पास एक ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस उसका पीछा कर रही थी। इसी दौरान उसने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। एसयूवी चालक अमन शर्मा (26) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार शाम छिंदवाड़ा जिले में बस और पिकअप वाहन की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई थी। फिलहाल ग्वालियर में मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है और प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था की है।

