Delhi News: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लॉरेंस रोड स्थित एक चार मंजिला रिहायशी इमारत के भूतल में अचानक भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इमारत की छत पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।
दमकल विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
दिल्ली अग्निशमन सेवा को रात करीब दो बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल के दो वाहन और अन्य जरूरी गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर छत पर फंसे गौरव, कैरा और इंदु बत्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह है कि सभी लोग बिल्कुल स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार आग मुख्य रूप से भूतल पर लगे 24 बिजली मीटरों तक ही सीमित रही थी। हालांकि आग की लपटें काफी तेज थीं, जिसने आसपास के लोगों में हड़कंप मचा दिया था। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात ढाई बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया और राहत अभियान समाप्त किया।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
इमारत में आग लगने की घटना के बाद अब इसके सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

