Kolkata News: देश का प्रतिष्ठित औद्योगिक घराना अदाणी समूह पश्चिम बंगाल में एक बहुत बड़ा निवेश करने की तैयारी में है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि समूह राज्य में अपनी व्यावसायिक मौजूदगी का तेजी से विस्तार करना चाहता है। इसके लिए कंपनी की नजर हुगली नदी के नीचे बनने वाली महत्वाकांक्षी अंडरवाटर सुरंग (सुरंग प्रोजेक्ट) पर है।
कोलकाता को ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी मुक्ति
अदाणी समूह के अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि कोलकाता शहर लंबे समय से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। नदी के नीचे प्रस्तावित सुरंग बनने से शहर सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ जाएगा। इससे व्यावसायिक माल की आवाजाही बेहद आसान और सुरक्षित हो जाएगी। समूह इस बड़े प्रोजेक्ट में तकनीकी रूप से शामिल होने का इच्छुक है।
अंडरवाटर मेट्रो के बाद अब सड़क सुरंग की बारी
हुगली नदी के नीचे बनने वाली इस सड़क सुरंग का मुख्य उद्देश्य कोलकाता की परिवहन व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करना है। आपको बता दें कि कोलकाता में पहले से ही भारत की पहली अंडरवाटर मेट्रो रेल सेवा सफलतापूर्वक चल रही है। यह मेट्रो नदी के नीचे से कोलकाता और हावड़ा शहरों को आपस में जोड़ती है।
बंगाल के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर नजर
अदाणी समूह पश्चिम बंगाल में हर तरह के बड़े और महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में निवेश करने की इच्छा रखता है। अधिकारी के अनुसार, बेहतर कनेक्टिविटी ही किसी भी राज्य के आर्थिक विकास और औद्योगिक तरक्की का मुख्य आधार होती है। समूह अपनी मुख्य क्षमताओं का उपयोग करके बंगाल के विकास में योगदान देना चाहता है।
पारदर्शी और मजबूत नीति बनाने की मांग
अदाणी समूह ने राज्य में नए निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक पारदर्शी और स्पष्ट पॉलिसी फ्रेमवर्क की मांग की है। समूह निवेश को आकर्षित करने के लिए जरूरी नीतिगत उपायों पर पश्चिम बंगाल सरकार को जल्द ही एक औपचारिक प्रस्ताव सौंपेगा। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
Author: Sourav Banerjee

