हिमाचल में पेंट का काम करते समय बड़ा हादसा, यूपी के 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है। यहां रोजी-रोटी कमाने आए उत्तर प्रदेश के एक 22 वर्षीय प्रवासी युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा भवारना थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मकान में काम करने के दौरान हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश का रहने वाला 22 वर्षीय आकाश पेंटर का काम करता था। उसने 7 जून को भवारना इलाके में एक घर के रंग-रोगन (पेंट) का काम शुरू किया था। वह घर की दीवारों को चमकाने के काम में पूरी लगन से जुटा हुआ था।

- Advertisement -

हाईटैंशन लाइन की चपेट में आया युवक

मकान में पेंट का काम करते समय अचानक आकाश का हाथ वहां से गुजर रही हाईटैंशन बिजली की तारों से छू गया। तारों में दौड़ रहे तेज करंट ने पलक झपकते ही उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि आकाश बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग गंभीर रूप से झुलसे आकाश को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले गए। हालांकि करंट लगने की वजह से युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) में डॉक्टरों ने आकाश को बचाने की पूरी कोशिश की। लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान आखिरकार जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे आकाश ने दम तोड़ दिया। युवक की असमय मौत से उसके परिवार में गहरा कोहराम मच गया है।

स्थानीय पुलिस ने इस दर्दनाक घटना का संज्ञान लेते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद युवक के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles