Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां शादी की खुशियों के बीच शराब के पैसे न देना एक परिवार को बहुत महंगा पड़ गया। पड़ोसियों ने केवल शराब न पिलाने की जिद पर दूल्हा-दुल्हन सहित पूरे परिवार की जमकर पिटाई कर दी। मामला आरोन थाना क्षेत्र के पाटई गांव का है, जहां मंगलवार रात यह खूनी संघर्ष हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने घर में घुसकर लूटपाट भी की। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
शराब के लिए अड़े पड़ोसी, रस्मों के बीच शुरू हुआ विवाद
पटाई गांव के रहने वाले महेश जाटव की शादी 30 मार्च को हुई थी। दुल्हन के घर आने के बाद परिवार में मंगल गीत और रस्में चल रही थीं। तभी कुछ पड़ोसी घर पहुंचे और महेश से शादी की खुशी में शराब के लिए रुपये मांगने लगे। महेश ने जब रुपये देने से इनकार कर दिया, तो पड़ोसियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। नगर पुलिस अधीक्षक मनीष यादव ने बताया कि मना करने पर विवाद इतना गहरा गया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से परिवार पर हमला बोल दिया।
दुल्हन और बुजुर्ग माता-पिता को भी नहीं बख्शा
महेश की मां शीला जाटव ने रोते हुए बताया कि हमलावरों ने किसी पर रहम नहीं खाया। उन्होंने दूल्हे महेश के साथ-साथ उसकी नई नवेली दुल्हन को भी बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने आए महेश के बुजुर्ग पिता को भी चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पिटाई करने के बाद आरोपी पक्ष घर से कीमती सामान और नकदी लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई
सीएसपी मनीष यादव ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शराब के पैसे मांगने की बात सामने आई है। शीला जाटव के लूटपाट के आरोपों की भी पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार डरा हुआ है।


