Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। भड़ोली के पास एक तेज रफ्तार कार ने 11 वर्षीय स्कूली छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनोट गांव निवासी रिश्व के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा अपने परिवार के साथ स्कूल से वापस आ रहा था। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आंखों के सामने उजड़ गया परिवार का चिराग
रिश्व की मां सुलोचना देवी बेटे का स्कूल में दाखिला करवाकर परिवार के साथ लौट रही थीं। वे सभी स्कूल से बाहर निकल रहे थे कि अचानक काल बनकर आई कार वहां पहुंच गई। कार की रफ्तार बहुत तेज थी और ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। उसने सीधे बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। खून से लथपथ रिश्व को परिजन तुरंत नागरिक अस्पताल ज्वालामुखी लेकर भागे। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
इस दुखद घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया गया है। सुलोचना देवी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। धर्मशाला निवासी आरोपी कार चालक आशीष कुमार के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

