हिसार के बरवाला में नहर पर गाड़ी धो रहे दो दोस्तों पर चाकुओं से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

Hisar News: हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां गैबीपुर नहर पर गाड़ी धोने गए दो दोस्तों पर बाइक सवार बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

- Advertisement -

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बुढ़ाखेड़ा गांव के रहने वाले 25 वर्षीय विष्णु के रूप में हुई है। वहीं, इस जानलेवा हमले में घायल हुए दूसरे युवक की पहचान 23 वर्षीय पारस के तौर पर की गई है। जख्मी पारस को तुरंत बरवाला के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बात करने के बहाने आए बदमाशों ने किया जानलेवा हमला

हॉस्पिटल में उपचाराधीन पारस ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह और विष्णु शनिवार शाम को नहर के पास अपनी गाड़ी साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने आते ही विष्णु से कहा कि उन्हें कुछ जरूरी बात करनी है।

इससे पहले कि दोनों दोस्त कुछ समझ पाते, तीनों बदमाशों ने हथियार निकालकर विष्णु पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। विष्णु को बचाने आए पारस पर भी आरोपियों ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर चोटें लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण विष्णु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

- Advertisement -

डीएसपी सहित भारी पुलिस बल ने किया घटनास्थल का मुआयना

इस मर्डर की सूचना मिलते ही डीएसपी सुमित कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस की कई टीमें फरार हमलावरों को ट्रेस करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles