Himachal Pradesh News: ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय नंदपुर में चोरों ने सोमवार देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। हालांकि, चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। मंगलवार सुबह स्कूल का ताला टूटा मिलने से हड़कंप मच गया।
चपड़ासी के पहुंचने पर हुआ खुलासा, बिखरा पड़ा था सामान
घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब स्कूल की चपड़ासी विद्यालय पहुंची। उसने एक महत्वपूर्ण कमरे का ताला टूटा हुआ पाया और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ देखा। इसके बाद ग्राम पंचायत प्रधान रंजना कुमारी और स्कूल स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
अलमारियों और ट्रंक के ताले तोड़े, पर नहीं ले जा सके सामान
सूचना मिलते ही अम्ब थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोरों ने स्कूल के कमरे का ताला तोड़कर गहन तलाशी ली थी। शातिरों ने अंदर रखी अलमारियों और ट्रंक के ताले भी कटर से काट दिए थे।
आहट मिलने पर पंखे छोड़कर भागे चोर, टला बड़ा नुकसान
राहत की बात यह रही कि विद्यालय का कोई भी कीमती सामान चोरी नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि चोर पंखे और अन्य उपकरण निकालकर बाहर तक ले आए थे, लेकिन किसी की आहट मिलने पर वे घबराकर सामान वहीं छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए।
अम्ब पुलिस खंगाल रही सुराग, प्रताप नगर की घटना से जुड़े तार
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही प्रताप नगर में भी चोरी हुई थी। पुलिस इन सभी मामलों को जोड़कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

