आगरा सुरेंद्र शर्मा हत्याकांड: पुलिस करेगी क्राइम सीन का रिक्रिएशन, अकेली पत्नी के दावों की होगी कड़ी जांच

Agra News: आगरा के दहतोरा में सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या और शव को बाथरूम में दफनाने के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। अब तक की पड़ताल में केवल पत्नी रूबी शर्मा का नाम सामने आया है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रही है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने स्पष्ट किया कि जांच अभी बंद नहीं की गई है।

- Advertisement -

क्राइम सीन के दोहराव से सुलझेंगे अनसुलझे रहस्य

पुलिस को अब भी यह सवाल परेशान कर रहा है कि एक महिला ने अकेले इतनी बड़ी वारदात को अंजाम कैसे दिया। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस जल्द ही क्राइम सीन का रिक्रिएशन कर सकती है। इसके लिए बाथरूम को उसी पुरानी स्थिति में लाने की तैयारी है ताकि यह देखा जा सके कि मिट्टी ढोने और समतल करने में कितना समय लगा होगा।

जांच के दौरान पुलिस वैज्ञानिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में सुरेंद्र शर्मा की लंबाई और वजन के बराबर एक पुतले का इस्तेमाल करेगी। पुलिस यह जांचेगी कि पलंग से शव को खींचकर लाने और उसे दफनाने के लिए कितनी मेहनत की आवश्यकता पड़ी होगी। इन सभी गतिविधियों का रूबी के बयानों से मिलान करके सच्चाई का पता लगाया जाएगा।

रूबी शर्मा ने पुलिस पूछताछ में बार-बार यही दोहराया है कि वारदात में उसका कोई अन्य साथी नहीं था। उसने भावुक होकर कहा कि किसी को बचाने से उसे कोई लाभ नहीं है, क्योंकि उसकी अपनी जिंदगी पहले ही बर्बाद हो चुकी है। अब उसे अपनी बेटियों के भविष्य और उनकी परवरिश की सबसे अधिक चिंता सता रही है।

- Advertisement -

घटनाक्रम: 16 मई से 3 जुलाई तक का सफर

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 16 मई को सुरेंद्र भरतपुर से मारपीट के बाद लौटा था। 17 मई को उसने रूबी को मामा के घर ले जाकर नाटक करने को कहा। उसी रात रूबी ने खीर में नींद की गोलियां दीं। 18 मई को सास-बेटियों को भेजकर शव दफनाया और 19 मई को मिस्त्री बुलाकर बाथरूम का फर्श पक्का करवा दिया।

बाद में, 26 मई को रूबी ने अपने जेठ के साथ मिलकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई ताकि शक से बचा जा सके। लगभग डेढ़ महीने बाद, 3 जुलाई को पुलिस ने बाथरूम की खुदाई की और कंकाल बरामद किया, जिसके बाद रूबी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है और मामले की वैज्ञानिक जांच जारी है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles