Agra News: एलपीजी सप्लाई को लेकर बदलते हालात के बीच सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब उज्ज्वला उपभोक्ताओं को दूसरे गैस सिलिंडर की बुकिंग के लिए 25 दिन की जगह 45 दिन का इंतजार करना होगा। साथ ही, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बुकिंग अंतर का फर्क भी खत्म कर दिया गया है। अब सभी उपभोक्ताओं पर एक समान नियम लागू होगा।
आगरा में 3.41 लाख उज्ज्वला लाभार्थी प्रभावित
आगराजिले में कुल 12 लाख से अधिक गैस उपभोक्ता हैं। इनमें से 3.41 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद गैस बुकिंग की सुविधा थी। अब सभी के लिए 45 दिन की अवधि अनिवार्य कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार के अनुसार, इस फैसले का मुख्य उद्देश्य सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाना है।
कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई 20 प्रतिशत हुई
एलपीजीसंकट के चलते कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। केंद्र सरकार ने 23 मार्च से होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 50 प्रतिशत गैस देने का निर्देश दिया था, लेकिन यह पूरी तरह लागू नहीं हो सका। अब नई व्यवस्था के तहत प्रतिष्ठानों को उनकी औसत खपत के आधार पर केवल 20 प्रतिशत गैस ही दी जाएगी। इसके लिए पहले जांच की जाएगी।
होटल, पेठा उद्योग और हलवाई प्रभावित
शहर मेंएक हजार से अधिक होटल-रेस्तरां, 150 पेठा इकाइयां और 2000 से ज्यादा हलवाई इस संकट से प्रभावित हैं। पहले हर महीने करीब 40 हजार कॉमर्शियल सिलिंडर की खपत होती थी। अब यह घटकर लगभग 8 हजार सिलिंडर रह जाएगी। हालांकि, जिन घरों में शादियां हैं, उनके लिए विशेष अनुमति से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला सप्लाई व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए लिया गया है।


