Himachal Pradesh News: टपरे पंचायत में भारी बवाल, सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर ग्रामीणों ने दी शिकायत

Himachal Pradesh News: हमीरपुर जिले के बमसन ब्लॉक की टपरे पंचायत में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पंचायत वासियों ने नवनिर्वाचित प्रधान और उप प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने इस मामले की लिखित शिकायत प्रशासन से करते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

टपरे ग्राम पंचायत के निवासियों ने जिलाधिकारी हमीरपुर और तहसीलदार बमसन टोनी देवी को एक संयुक्त शिकायत पत्र भेजा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नवनिर्वाचित प्रधान प्रदीप कुमार और उप प्रधान हरनामचंद शर्मा ने चुनावी नियमों और सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाई हैं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है।

नवनिर्वाचित प्रधान और उप प्रधान पर लगे गंभीर आरोप

शिकायत पत्र के अनुसार प्रधान प्रदीप कुमार का पुराना मकान सरकारी रास्ते पर बना हुआ है। इसके अलावा वह एक सरकारी ठेकेदार भी हैं, जिससे उनके चुनाव लड़ने पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक सरकारी ठेकेदार का पंचायत चुनाव में उतरना उनके निजी स्वार्थ और चुनावी नियमों की अनदेखी को साफ दर्शाता है।

वहीं दूसरी तरफ उप प्रधान हरनामचंद शर्मा पर भी पद का दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि उन्होंने पद संभालते ही पंचायत घर के ठीक सामने और मुख्य राजमार्ग के किनारे अवैध निर्माण शुरू कर दिया है। उप प्रधान का अपना पुराना मकान भी कथित रूप से सरकारी रास्ते को रोककर बनाया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आगामी चुनावों के बहिष्कार की धमकी

ग्रामीणों को डर है कि अगर इन जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें देखकर अन्य लोग भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने लगेंगे। पंचायत वासियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों को तुरंत सस्पेंड करने की मांग की है। इस शिकायत की प्रतिलिपि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी भेजी गई है।

इस गंभीर मामले पर त्वरित कार्रवाई न होने की स्थिति में ग्रामीणों ने प्रशासन को बड़ी चेतावनी दी है। पंचायत वासियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने नियमों के मुताबिक आरोपियों को निलंबित नहीं किया, तो वे आगामी समय में होने वाले सभी चुनावों का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे और मतदान केंद्र पर वोट डालने नहीं जाएंगे।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories