हरिद्वार हाईवे पर जिंदा जलने से बचे कोटा के 30 यात्री: अचानक आग का गोला बनी डबल डेकर बस, मची चीख-पुकार

Haridwar News: उत्तराखंड के देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया। कोटा से हरिद्वार आए तीस तीर्थयात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई। चंद मिनटों के भीतर ही पूरी बस धू-धू कर जलने लगी और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

राजस्थान के कोटा से श्रद्धालुओं का यह जत्था पवित्र गंगा दर्शन के लिए हरिद्वार आया हुआ था। शनिवार देर शाम जब सभी यात्री दर्शन करके वापस लौट रहे थे, तभी सर्वानंद घाट के पास उनकी डबल डेकर बस में अचानक से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।

बस चालक ने बेहद सूझ-बूझ दिखाते हुए गाड़ी को तुरंत हाईवे के किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने को कहा। बस में आग की खबर सुनते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को इस हादसे की सूचना दी।

पुलिस और दमकल ने मिलकर चलाया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और दमकल की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेहद खतरनाक हालात में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम ने बस में फंसे सभी तीस यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

डीजल लीक होने से भड़की भीषण आग

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि मुस्तैदी के कारण इस बड़े अग्निकांड में सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई है। प्राथमिक जांच में बस के भीतर डीजल लीक होने के कारण आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Author: Harish Rawat

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories