Delhi News: सीबीएसई 12वीं बोर्ड का रिजल्ट आने के बाद से ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) लगातार विवादों में घिरा हुआ है। अब खबर है कि सीबीएसई के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के पेमेंट सिस्टम पर एक बड़ा ‘साइबर अटैक’ हुआ है। इस हैकिंग के कारण पोर्टल पर भारी गड़बड़ी देखने को मिली है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक लगभग 50 छात्रों ने अनधिकृत रूप से इस गोपनीय पोर्टल तक अपनी पहुंच हासिल कर ली थी। सूत्रों ने बताया कि हैकर्स या छात्रों ने सिस्टम में सेंध लगाई, जिसका पेमेंट गेटवे एचडीएफसी (HDFC) बैंक से जुड़ा हुआ था। इसके बाद पूरी व्यवस्था चरमरा गई।
इस साइबर हमले के कारण सीबीएसई पोर्टल पर आंसर शीट की फोटोकॉपी लेने की तय आवेदन फीस अचानक अजीब तरीके से बदलने लगी। सीबीएसई ने असल में इस फीस को 700 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया था, लेकिन सिस्टम हैक होने के कारण यह फीस गलत दिखने लगी।
कई मामलों में यह आवेदन राशि एक रुपये से लेकर लगभग 67,000 से 68,000 रुपये तक घटती-बढ़ती रही। अधिकारियों के अनुसार यह हरकत मजाक में या फिर किसी दुर्भावनापूर्ण इरादे से की गई थी। जिन 50 बच्चों ने सिस्टम में हेराफेरी की, उनके पेमेंट स्टेटस में भारी गड़बड़ी आई।
1 जून को खुलेगा री-वैल्यूएशन पोर्टल, बोर्ड ने जारी की हेल्पलाइन
यह बड़ी तकनीकी गड़बड़ी ठीक उसी समय सामने आई जब सीबीएसई का आधिकारिक पोर्टल लाइव हुआ था। गड़बड़ी के बाद पोर्टल ने कुछ समय के लिए काम करना पूरी तरह बंद कर दिया था। पहले कॉपियों के री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन लिंक 29 मई को खुलने वाला था।
सीबीएसई ने अब साफ कर दिया है कि सुरक्षा कारणों से यह आवेदन पोर्टल अब 1 जून को दोबारा खोला जाएगा। बोर्ड का कहना है कि इस देरी का मुख्य उद्देश्य मूल्यांकन के उच्चतम डिजिटल मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल को पूरी तरह सुनिश्चित करना है।
सीबीएसई ने छात्रों की सहायता और किसी भी तरह की शिकायत के निपटारे के लिए स्टूडेंट्स टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन नंबर 1800 11 8004 भी जारी किया है। इसके अलावा परेशान छात्र अपनी शिकायत सीधे ईमेल आईडी resultcbse2026@cbseshiksha.in पर भी भेज सकते हैं।
Author: Gaurav Malhotra


