शेयर बाजार में हाहाकार! सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निफ्टी भी धड़ाम; ट्रंप की धमकी और युद्ध के डर से कांपा बाजार

Business News: वैश्विक बाजारों से मिले बेहद खराब संकेतों के कारण सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत भयंकर गिरावट के साथ हुई है। देश के दोनों प्रमुख सूचकांक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भारी बिकवाली के चलते लाल निशान पर खुले हैं।

शुरुआती कारोबार में ही चौतरफा बिकवाली से निवेशकों के अरबों रुपये डूब गए हैं। बीएसई सेंसेक्स 809 अंक यानी 1.08 फीसदी टूटकर 74,428.65 के स्तर पर आ गया है। इस भारी गिरावट से दलाल स्ट्रीट में कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। एनएसई निफ्टी 229 अंक यानी 0.97 फीसदी फिसलकर 23,500 के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे चला गया है। फिलहाल निफ्टी बाजार में 23,414 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

एशियाई और अमेरिकी बाजारों में छाई मंदी

भारतीय बाजारों के साथ ही आज तमाम एशियाई बाजारों में भी भारी मंदी का रुख बना हुआ है। जापान का निक्केई सूचकांक 0.2 फीसदी फिसल गया है। दक्षिण कोरियाई बाजारों में सबसे ज्यादा गिरावट दिखी है, जहां कोस्पी और कोस्डैक दोनों सूचकांक दो फीसदी से अधिक टूट गए हैं।

इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में भी भारी बिकवाली का दौर देखने को मिला था। वहां का एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.24 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ था। वहीं टेक आधारित नैस्डैक कंपोजिट में 1.54 फीसदी और डाउ जोन्स में 537 अंकों की गिरावट दर्ज हुई थी।

इन सबके बीच विदेशी मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती दिखाने वाला डॉलर सूचकांक सोमवार सुबह 99.37 पर कारोबार कर रहा था। यह सूचकांक दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं पाउंड, यूरो और येन के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापता है, जिससे निवेशकों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

Author: Rajesh Kumar

Hot this week

Related News

Popular Categories