Bihar News: बिहार के सासाराम रेलवे जंक्शन से सुबह-सुबह एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। यहां स्टेशन पर खड़ी सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। बोगी से तेज धुआं उठता देख स्टेशन परिसर और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन की बोगी में भड़की इस आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया।
शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन में आग लगने का मुख्य कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना के सही कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
मुस्तैद मजदूर ने सबसे पहले शुरू किया बचाव कार्य
राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त बोगी पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। रैक पॉइंट पर तैनात एक सजग मजदूर ने सबसे पहले बोगी से धुआं निकलते देखा और बिना वक्त गंवाए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
उसकी तत्परता के कारण ही आग पूरी ट्रेन में फैलने से रुक गई। रेल प्रशासन ने मजूदर के इस साहसिक कदम की सराहना की है। इस घटना की वजह से सासाराम-पटना रूट पर रेल यातायात कुछ समय के लिए आंशिक रूप से प्रभावित हुआ, जिसे तकनीकी जांच के बाद जल्द ही सुचारू कर दिया गया।
Author: Amit Yadav


