CBSE Board Exam Fraud: महज 5000 रुपये में पास कराने का सौदा, कुरुक्षेत्र में पकड़ी गई ‘मुन्नाभाई’ जैसी फर्जी छात्रा

Haryana News: देश में परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के बढ़ते मामलों के बीच हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सीबीएसई की 10वीं कक्षा की गणित परीक्षा में एक फर्जी छात्रा को पकड़ा गया है। यह पूरा सौदा महज पांच हजार रुपये में तय किया गया था।

यह घटना 15 मई को कुरुक्षेत्र गुरुकुल परीक्षा केंद्र में आयोजित अंक सुधार परीक्षा के दौरान हुई। ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों की मुस्तैदी से यह फर्जीवाड़ा समय रहते पकड़ में आ गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य साजिशकर्ताओं को दबोच लिया।

युवती और मुख्य डीलर गिरफ्तार, अदालत ने भेजा जेल

पुलिस ने इस मामले में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाली युवती और परीक्षा का सौदा कराने वाले मुख्य आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 10वीं की एक छात्रा के रिश्तेदार ने कैथल के रहने वाले विनोद कुमार से संपर्क किया था। इस काम के लिए पांच हजार रुपये की रकम यूपीआई के जरिए ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद विनोद ने परीक्षा देने के लिए एक दूसरी लड़की को तैयार किया।

कद-काठी पर हुआ शक और खुल गई पोल

पुलिस को दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट नरेंद्र सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर मौजूद एक शिक्षक को युवती की कद-काठी देखकर संदेह हुआ था। जब कड़ाई से दस्तावेजों की जांच की गई, तो पता चला कि वह किसी अन्य छात्रा की जगह बैठी थी।

मामला खुलने के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय थाना (केयूके) में तुरंत केस दर्ज किया गया। थर्ड गेट चौकी प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उस मुख्य मास्टरमाइंड रिश्तेदार की तलाश में जुटी है, जिसने इस पूरी धोखाधड़ी का ताना-बाना बुना था।

Hot this week

Related News

Popular Categories