तमिलनाडु में ‘विजय’ के बाद भी सियासी संग्राम! राजभवन के बाहर भारी विरोध प्रदर्शन, क्या अभिनेता बन पाएंगे मुख्यमंत्री?

Tamil Nadu News: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की सियासत में उबाल ला दिया है। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। इसके बावजूद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने का न्यौता देने से इनकार कर दिया है। राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि सरकार बनाने के लिए विजय को पहले बहुमत का आंकड़ा (118 विधायक) साबित करना होगा। इस संवैधानिक गतिरोध ने राज्य में भारी अनिश्चितता और तनाव पैदा कर दिया है।

राजभवन के बाहर टीवीके समर्थकों का उग्र प्रदर्शन

राज्यपाल के इस फैसले के विरोध में शुक्रवार को टीवीके समर्थकों ने चेन्नई में राजभवन के बाहर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। समर्थक मांग कर रहे थे कि लोकतांत्रिक परंपराओं के तहत सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि विजय को मुख्यमंत्री बनने का मौका नहीं मिला, तो भविष्य में और बड़े आंदोलन किए जाएंगे। हंगामे को बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को जबरन वहां से हटाया।

विजय के आवास की सुरक्षा बढ़ी, महासचिव ने की मुलाकात

चेन्नई के नीलांकरई स्थित विजय के आवास पर राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है। टीवीके महासचिव एन. आनंद ने विजय से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा की है। सुरक्षा की दृष्टि से विजय के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशंसकों और समर्थकों का मानना है कि जनता ने डीएमके को पूरी तरह नकार दिया है और विजय ही अब जिम्मेदारी संभालेंगे। समर्थकों का आरोप है कि राज्यपाल जानबूझकर उचित कदम नहीं उठा रहे हैं।

बहुमत का गणित: जादुई आंकड़े से अब भी 6 कदम दूर

त्रिशंकु विधानसभा के बीच विजय की टीवीके अन्य दलों का समर्थन जुटाने की पुरजोर कोशिश कर रही है। कांग्रेस के पांच विधायकों ने टीवीके को अपना समर्थन दे दिया है, जिससे इस गठबंधन की कुल संख्या 112 तक पहुंच गई है। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की आवश्यकता है। गठबंधन अभी भी जादुई आंकड़े से 6 सीट पीछे है। इसी कमी के कारण सरकार गठन की प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है।

कांग्रेस का कड़ा रुख और एआईएडीएमके का तीखा हमला

तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने भी राज्यपाल के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का बिगुल फूंक दिया है। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार और राज्यपाल मिलकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। दूसरी ओर, एआईएडीएमके के राष्ट्रीय प्रवक्ता कोवाई सत्यन ने टीवीके और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 5 सीटें जोड़ने से भी टीवीके की नैय्या पार नहीं होगी। सत्यन के मुताबिक, कांग्रेस ने इस गठबंधन के जहाज में पहले ही छेद कर दिया है।

Hot this week

Related News

Popular Categories