World News: पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 दिनों से जारी सैन्य संघर्ष अब खार्ग और होर्मुज जलडमरूमध्य पर कब्जे की होड़ पर आकर टिक गया है। अमेरिका ने ईरान को समझौते पर राजी करने के लिए हजारों सैनिकों का जमावड़ा कर होर्मुज और खार्ग की घेरेबंदी कर दी है। वहीं, ईरान ने होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने से लेकर खार्ग द्वीप में सैनिकों और सामरिक संसाधनों की तैनाती बढ़ाकर अमेरिका को चुनौती दे दी है।
ईरान ने होर्मुज में टोल टैक्स वसूलना शुरू किया
होर्मुज सेनिकलने वाले जहाजों से अब तक शुल्क न लेने वाले ईरान ने टोल टैक्स वसूलना शुरू कर दिया है। इजरायल ने दावा किया है कि उसके हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के नौसेना कमांडर कमोडोर अलिरेजा तंगसीरी मारे गए। हालांकि, ईरान की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को जल्द समझौता करने की चेतावनी दी है।
हाउती विद्रोहियों ने लाल सागर बंद करने की दी चेतावनी
यमन आधारित हाउतीविद्रोहियों ने ईरान का समर्थन करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो लाल सागर में स्थित बाब अल मंदाब जलडमरूमध्य को बंद करके जहाजों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार पर नया संकट गहर सकता है, खासकर जब होर्मुज जलडमरूमध्य पहले से तनाव में है।
ईरान ने खार्ग द्वीप पर बढ़ाई किलेबंदी
ईरान नेअपने रणनीतिक खार्ग द्वीप की सुरक्षा और मजबूत कर दी है। द्वीप के आसपास तेजी से बारूदी सुरंगें बिछाई जा रही हैं और अतिरिक्त सैनिकों के साथ वायु रक्षा तंत्र भी वहां तैनात किया गया है। सीएनएन के अनुसार, ईरान ने द्वीप के संवेदनशील हिस्सों में एंटी-पर्सनल और एंटी-आर्मर माइंस बिछाई हैं। संभावित लैंडिंग जोन के आसपास जाल और अवरोध भी तैयार किए गए हैं।
अमेरिका की 15 शर्तें, ईरान की 5 मांगें
अमेरिकाने ईरान के पास 15 बिंदुओं का प्रस्ताव भेजा है, जबकि ईरान ने अमेरिका को अपनी पांच मांगों से अवगत करा दिया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका से सीधे कोई बात नहीं हो रही, कूटनीतिक चैनलों के जरिए ही संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है। अमेरिकी सेना का भारी जमावड़ा ईरान के इर्द-गिर्द जमा कर दिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि समझौता वार्ता सफल बनाने के लिए यह दबाव की रणनीति है।
ईरान के हमले में यूएई में एक भारतीय की मौत
ईरान केहमले में यूएई में एक भारतीय समेत दो लोग मारे गए। यूएई ने बताया कि ईरानी मिसाइल इंटरसेप्ट की गई, जिसके मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई। एक भारतीय समेत तीन घायल भी हुए। रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अब तक 700 मिसाइलें और 3600 ड्रोन हमले करने का दावा किया है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव चरम पर है।

