Nainital News: सरोवर नगरी नैनीताल में मंगलवार को मौसम बेहद सुहावना बना रहा। दिनभर धूप और बादलों के बीच आंखमिचौली चलती रही, जिससे तापमान पूरी तरह नियंत्रण में रहा। सुबह के समय चली ठंडी हवाओं के कारण लोगों को हल्की ठंडक का अहसास हुआ, जबकि शाम को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
पिछले दिनों पर्वतीय क्षेत्रों में हुई लगातार बारिश के कारण नैनीताल के सभी प्राकृतिक जलस्रोत पूरी तरह रिचार्ज हो गए हैं। इस वजह से विश्व प्रसिद्ध नैनी झील के जलस्तर में निरंतर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले एक सप्ताह के भीतर ही झील के पानी में 10 इंच का इजाफा हुआ है।
झील का जलस्तर बढ़कर हुआ 78.11 फीट
जलस्तर में हुई इस बढ़ोतरी के बाद अब नैनी झील का कुल वाटर लेवल 78.11 फीट के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में अधिकतम आर्द्रता 80 प्रतिशत रही।
मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी और स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने से नैनीताल में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंगलवार को करीब डेढ़ हजार से अधिक पर्यटक वाहनों ने शहर में प्रवेश किया, जिससे मालरोड और सभी प्रमुख दार्शनिक स्थलों पर पैर रखने की जगह नहीं बची।
पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भारी भीड़, होटलों के दाम आसमान पर
सैलानियों की भारी आमद के कारण स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, केव गार्डन और चिड़ियाघर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पूरी तरह गुलजार नजर आए। नैनी झील में नौका विहार करने के लिए पर्यटकों का दिनभर तांता लगा रहा। हालांकि भीड़ बढ़ते ही होटल स्वामियों और टैक्सी चालकों ने मनमाना किराया वसूलना शुरू कर दिया है।
नैनीताल के साथ-साथ समीपवर्ती पर्यटन स्थलों जैसे मुक्तेश्वर, भवाली, भीमताल, प्रसिद्ध कैंची धाम और सातताल में भी बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। इसी बीच मंगलवार को शहर के कई हिस्सों में घंटों बिजली गुल रहने से स्थानीय उपभोक्ताओं और होटल कारोबारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घंटों बिजली गुल रहने से ऊर्जा निगम पर भड़के लोग
रसोई गैस के संकट के चलते इस बार शहर के अधिकांश होटलों और रेस्टोरेंट में बिजली से चलने वाले इंडक्शन और स्टोव का इस्तेमाल किया जा रहा है। पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से बिजली की खपत भी अचानक बढ़ गई है। मंगलवार को लाइन में फॉल्ट आने से तल्लीताल समेत कई इलाकों में घंटों बिजली ठप रही।
बिजली की इस आंखमिचौली से परेशान उपभोक्ताओं ने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। इस बीच नगरपालिका सभागार में स्मार्ट मीटर को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हल्की बारिश होते ही बिजली गुल होने का मुद्दा उठाया, जिसका अधिकारी कोई ठोस जवाब नहीं दे सके।
Author: Harish Rawat


