Haridwar News: उत्तराखंड के देहरादून से दिल्ली होते हुए जयपुर जा रही एक लग्जरी वॉल्वो बस में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। यह हादसा हाईवे पर स्थित क्रिस्टल वर्ल्ड के पास हुआ। तकनीकी खराबी के चलते चलती बस से अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि आग लगते ही बस के चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और उसमें सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान बच गई।
यात्रियों का कीमती सामान जलकर हुआ राख
हालांकि जान बचाने की आपाधापी में यात्रियों का सारा कीमती सामान बस के अंदर ही छूट गया। देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई, जिससे यात्रियों के बैग, दस्तावेज और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस नुकसान से यात्री काफी सदमे में हैं।
घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पातीं, तब तक बस पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो चुकी थी। हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
हादसे में कोई हताहत नहीं, चालक और परिचालक राजस्थान के
राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि इस भयानक अग्निकांड में किसी भी यात्री के घायल होने या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन ने सभी यात्रियों के लिए तुरंत वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की, ताकि वे अपने गंतव्य के लिए आगे रवाना हो सकें।
पुलिस जांच के अनुसार यह महालक्ष्मी ट्रेवल्स की फिलिप्स वॉल्वो बस थी। बस के चालक की पहचान अरुण कुमार के रूप में हुई है, जो उदयपुर के रहने वाले हैं। वहीं बस के परिचालक का नाम रिंकू है, जो कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) के निवासी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Harish Rawat


