Haryana Weather News: हरियाणा में मानसून के पूरी तरह एक्टिव होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने राज्य में 6 जुलाई से 11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में तेज आंधी, तूफान और आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। आज उत्तरी और दक्षिणी जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है।
इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी की विशेष चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों ने 7 से 9 जुलाई के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस दौरान पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही जींद, सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिलों में भी भारी बरसात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
हरियाणा के अनेक हिस्सों में 10 और 11 जुलाई को भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की प्रबल संभावना बनी हुई है। मौसम एक्सपर्ट्स ने आम जनता से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक बाहर न निकलें।
किसानों के लिए वरदान साबित होगी यह मानसूनी बारिश
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक यह मानसूनी बारिश राज्य के किसानों और फसलों के लिए बेहद लाभदायक रहेगी। विशेष रूप से धान की रुपाई कर रहे किसानों को इस पानी से सीधा फायदा पहुंचेगा। इसके अलावा खाली पड़े खेतों में बाजरा और अन्य खरीफ फसलों की बिजाई का काम भी अब तेजी से शुरू हो सकेगा।

