Mumbai News: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर मौजूद भारतीय टीम अगले महीने जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। चयनकर्ताओं ने इस दौरे के लिए श्रेयस अय्यर को टीम का कप्तान नियुक्त किया है।
इस चयन में सबसे हैरान करने वाला फैसला विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को लेकर आया है। चयनकर्ताओं ने टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन को इस दौरे से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उनके अचानक बाहर होने से क्रिकेट फैंस और विशेषज्ञ काफी हैरान हैं।
रिंकू सिंह की वापसी और युवा खिलाड़ियों को मौका
युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी लगातार अपना तीसरा विदेशी दौरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं शानदार मैच फिनिशर रिंकू सिंह की टी20 टीम में धमाकेदार वापसी हुई है। इससे पहले उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दौरों के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिल पाई थी।
चयनकर्ताओं ने इस सीरीज के लिए कई नए और प्रतिभाशाली चेहरों को टीम में शामिल किया है। टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर) शामिल हैं।
हरारे में खेले जाएंगे सीरीज के सभी मुकाबले
भारत और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले सभी टी20 मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले जाएंगे। पहला टी20 मैच 23 जुलाई को आयोजित होगा। इसके बाद सीरीज का दूसरा मैच 25 जुलाई को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टी20 मुकाबला 26 जुलाई को होगा।

