यूपी को मिला रफ्तार का उपहार: पीएम मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया लोकार्पण, 12 जिलों की बदलेगी किस्मत

Uttar Pradesh News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ को राष्ट्र को समर्पित किया। मेरठ से प्रयागराज तक फैले इस एक्सप्रेसवे को गंगा नदी के समानांतर विकसित किया गया है। यह देश का ऐसा पहला एक्सप्रेसवे है, जहां घायलों की जान बचाने के लिए अत्याधुनिक ‘ट्रॉमा सेंटर’ की सुविधा दी गई है। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे 36,402 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। यह छह लेन का है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है।

हादसों में जान बचाएगा ‘गोल्डन आवर’ ट्रीटमेंट

गंगा एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी विशेषता इसका स्वास्थ्य सुरक्षा ढांचा है। दुर्घटना के बाद पहले दो-तीन घंटे ‘गोल्डन आवर’ माने जाते हैं। यात्रियों का जीवन बचाने के लिए एक्सप्रेसवे के छह जिलों में सात बड़े ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके लिए देश के प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों के साथ विशेष अनुबंध किया गया है। जन सुविधा केंद्रों पर ही 50-50 हजार स्क्वायर मीटर में ये सेंटर बनाए गए हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे तैनात रहेगी।

इन शहरों को मिलेगी हाईटेक ट्रॉमा सेंटर की सुविधा

एक्सप्रेसवे के किनारे बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, रायबरेली और प्रतापगढ़ में ट्रॉमा सेंटर संचालित होंगे। उन्नाव जिले की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां दो सेंटर बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर न केवल उपचार मिलेगा, बल्कि यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट, पेट्रोल पंप और सीएनजी स्टेशन भी उपलब्ध होंगे। साथ ही, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ईवी चार्जिंग पॉइंट्स भी लगाए गए हैं, जहां एक साथ कई वाहनों को चार्ज करने की आधुनिक सुविधा मिलेगी।

सीसीटीवी और स्मार्ट कंट्रोल रूम से होगी सुरक्षा

यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए पूरे रूट पर प्रति किलोमीटर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये सभी कैमरे एक मुख्य स्मार्ट कंट्रोल रूम से जुड़े हैं। यदि कोई वाहन बीच रास्ते में रुकता है, तो कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा। इसके अलावा, ड्राइविंग के दौरान नींद की झपकी आने पर चालक को सचेत करने वाले विशेष फीचर्स भी जोड़े गए हैं। हर दस किलोमीटर पर स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम वाहनों की रफ्तार पर नजर रखेगा।

टोल दरें और समय की भारी बचत

मेरठ से प्रयागराज के बीच कुल 14 टोल प्लाजा बनाए गए हैं। मुख्य टोल प्लाजा मेरठ के बिजौली और प्रयागराज में स्थित हैं। आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट ने कार और हल्के वाहनों के लिए 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ से प्रयागराज की दूरी का समय 12 घंटे से घटकर मात्र 6 घंटे रह जाएगा। यह मार्ग यमुना और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जोड़कर दिल्ली से कनेक्टिविटी को भी आसान बनाएगा।

Hot this week

Related News

Popular Categories