Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक खौफनाक तस्वीर सहारनपुर से सामने आई है। देवबंद के एक होटल में सिर्फ एक आईडी कार्ड मांगने पर भारी बवाल हो गया। हथियारबंद बदमाशों ने पहले होटल स्टाफ को बेरहमी से पीटा। इसके बाद उन्होंने होटल के बाहर से ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा। इस जानलेवा हमले में स्टाफ ने छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन बेखौफ बदमाशों की तलाश कर रही है।
कमरे के लिए आईडी मांगना पड़ा भारी
यह खौफनाक घटना देवबंद में स्टेट हाईवे पर स्थित वीआईपी रोज होटल की है। रविवार तड़के करीब चार बजे बाइक पर सवार कुछ युवक होटल पहुंचे। उन्होंने रिसेप्शन पर मौजूद कर्मचारी से किराए पर कमरा मांगा। नियमों के मुताबिक स्टाफ ने उनसे पहचान पत्र (आईडी) मांगा। एक युवक ने तो अपनी आईडी दे दी। लेकिन जब बाकी युवकों से भी आईडी मांगी गई, तो वे अचानक भड़क गए। उन्होंने कर्मचारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों को भी निशाना बनाया गया।
बदमाशों ने मचाया तांडव और बरसाईं गोलियां
गुस्साए युवकों ने होटल में जमकर तांडव मचाया। उन्होंने रिसेप्शन पर रखा लैपटॉप और अन्य कीमती सामान तोड़ दिया। इसके बाद वे होटल से बाहर निकले और उन्होंने ताबड़तोड़ करीब छह राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से होटल के कांच पूरी तरह चकनाचूर हो गए। दहशत के मारे सभी कर्मचारी कमरों में छिप गए। फायरिंग के बाद भी बदमाश करीब एक घंटे तक होटल के बाहर बेखौफ खड़े रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी एक स्थानीय गैंग से जुड़े हो सकते हैं। इनमें से एक आरोपी हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस होटल मालिक विपिन कुमार की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।


