Uttarakhand News: उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर भारतीय सेना और वायुसेना का संयुक्त पैरामोटर तथा पैराग्लाइडिंग अभ्यास जारी है। बीते रविवार से शुरू हुआ यह चार दिवसीय सैन्य अभ्यास आगामी बुधवार तक चलेगा। सोमवार को दूसरे दिन सेना के जवानों ने कई हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर अपनी युद्धक क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
विशेष बल के जवानों ने हवा में दिखाई अद्भुत कलाबाजियां
सोमवार को सैन्य अभ्यास के दूसरे दिन सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक विशेष सत्र चला। वायुसेना के हेलीकाप्टर ने जवानों को लेकर कई हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरी। वहां से सेना के स्पेशल फोर्स के जवानों ने पैराशूट के सहारे छलांग लगाई और हवा में कलाबाजी करते हुए हवाई पट्टी पर सुरक्षित लैंडिंग की।
सिंगल और डबल सीटर पैरामोटर से भरी उड़ान
इस युद्धाभ्यास में जवान सिंगल और डबल सीटर मोटर चालित पैरामोटर का भी उपयोग कर रहे हैं। जवानों ने हवाई पट्टी से पैरामोटर के जरिए सफलतापूर्वक टेकऑफ और लैंडिंग का अभ्यास किया। सेना का यह रोमांचकारी प्रदर्शन हवाई पट्टी के आसपास रहने वाले स्थानीय नागरिकों और आम लोगों के लिए भारी आकर्षण का केंद्र बना रहा।
यह संयुक्त अभ्यास रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीनी सीमा के नजदीक होने के कारण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का महत्व बहुत अधिक है। आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए सेना यहां नियमित अंतराल पर ऐसे जटिल अभ्यास करती है, ताकि जवानों की दक्षता और क्विक रिस्पांस क्षमता बनी रहे।

