Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशाल जनसभा रविवार दोपहर साढ़े ग्यारह बजे से शुरू होने जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस समय क्षेत्र में गर्मी का पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा। भीषण तपिश के बीच जनसभा को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर प्रशासनिक अमले की चिंताएं काफी बढ़ गई हैं।
गर्मी से बचाव के लिए लगाए गए 200 कूलर और एक हजार पंखे
भीषण गर्मी और लू से कार्यकर्ताओं और आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए हैं। जनसभा स्थल पर ओआरएस युक्त पेयजल की व्यवस्था के साथ ही हवा के लिए 200 बड़े कूलर और करीब एक हजार से अधिक पंखे लगाए गए हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस बड़ी जनसभा में प्रत्येक ब्लॉक से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों और आशा बहुओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष बसों को तैनात किया गया है। हर ब्लॉक से लाभार्थियों को सुरक्षित भेजने की पूरी मॉनिटरिंग के लिए विकास भवन के सभागार में एक हाई-टेक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
डीएम अतुल वत्स के निर्देश पर कंट्रोल रूम सक्रिय, तैनात हुए अधिकारी
जिलाधिकारी अतुल वत्स के कड़े निर्देश पर बने इस कंट्रोल रूम की कमान प्रभारी एसडीएम लवगीत कौर को सौंपी गई है। उनके सहायक के रूप में जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र उपाध्याय की ड्यूटी लगाई गई है। यहां एक दर्जन से अधिक कर्मचारी लैपटॉप के साथ हर ब्लॉक की गतिविधियों पर सीधे नजर रख रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, रैली में करीब 15 से 20 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले 39 चयनित लाभार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से स्वयं सम्मानित करेंगे। स्वच्छता बनाए रखने के लिए 200 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं।

