बरेली में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, कांवड़ रूट पर मांस-अंडा बेचने पर लगी रोक

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सावन के महीने को लेकर प्रशासन ने कांवड़ियों के स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख शिव मंदिरों और निर्धारित मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

- Advertisement -

प्रशासन की योजना के अनुसार, अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर और वनखंडीनाथ मंदिर सहित प्रमुख स्थलों पर फूलों की बरसात होगी। कांवड़ियों के मुख्य रूट, विशेषकर रामगंगा पुल पर भी आसमान से फूल बरसाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पौधे बांटे जाएंगे।

कांवड़ मार्ग पर मांस और अंडा बेचने पर पूरी तरह पाबंदी

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी (DM) ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा मार्ग में किसी भी प्रकार के मांसाहारी उत्पादों और अंडे की बिक्री नहीं होनी चाहिए। सभी दुकानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप के स्टीकर लगाए जाएंगे।

कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि कांवड़ियों को प्रसाद के रूप में पौधे वितरित करने के लिए वन विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। वन विभाग स्थानीय मंदिरों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पौधे उपलब्ध कराएगा। इसका मुख्य उद्देश्य हरियाली और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

- Advertisement -

बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग को सुधारने के सख्त निर्देश

बैठक में बिना औषधि लाइसेंस के चल रही दुकानों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पंजीकरण में 20 प्रतिशत की वृद्धि करने और औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था जांचने को कहा गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगेगा।

बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के कारण जगह-जगह डायवर्जन है। कमिश्नर ने एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को सावन से पहले सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं ताकि कांवड़ियों को दिक्कत न हो। सावन शुरू होने से दो दिन पहले ही नया रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles