Mandi News: केरल के वायनाड लैंडस्लाइड में हिमाचल के युवा इंजीनियर राहुल शर्मा की मौत, मलबे से बरामद हुआ शव

Mandi News: केरल के वायनाड में टनल निर्माण के दौरान हुए भूस्खलन हादसे ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले को गहरा जख्म दिया है। मलबे में पिछले 48 घंटों से जिंदगी की जंग लड़ रहे रिवालसर क्षेत्र के 27 वर्षीय युवा इंजीनियर राहुल शर्मा का वीरवार सुबह दर्दनाक मौत के बाद शव बरामद कर लिया गया है।

- Advertisement -

चार महीने पहले ही हुई थी राहुल की शादी

इस बेहद दुखद खबर के सामने आते ही पूरे रिवालसर क्षेत्र में मातम छा गया है। नियति का क्रूर मजाक देखिए कि अभी राहुल की शादी को केवल चार महीने ही हुए थे। इसी साल मार्च में राहुल और कल्पना का विवाह हुआ था। इस भयानक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में उजाड़ दिया है।

शादी के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी में संभाला था पदभार

शादी के तुरंत बाद राहुल ने वायनाड में सुरंग निर्माण कर रही एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में बतौर इंजीनियर पदभार संभाला था। वह अपनी पत्नी कल्पना को भी अपने साथ केरल लेकर गए थे। परिजनों ने दोनों को खुशी-खुशी घर से विदा किया था, लेकिन किसे पता था कि कल्पना को इतनी जल्दी इस हाल में लौटना पड़ेगा।

बेटे की मौत की खबर से बेसुध हुए पिता

हादसे के बाद से ही राहुल के पिता रूपदेव और मामा वायनाड में मौके पर डटे हुए थे। वे पिछले दो दिनों से अपने लाडले के जिंदा बचने की आखिरी आस लगाए बैठे थे। जैसे ही मलबे से राहुल का बेजान शरीर बाहर निकाला गया, वैसे ही उनके पिता मौके पर ही पूरी तरह बेसुध हो गए।

- Advertisement -

दूसरी तरफ राहुल की मां अभी भी इस पूरी घटना से अनजान हैं। हादसे की शुरुआती खबर सुनने के बाद से ही वह गहरे मानसिक सदमे में हैं। इसी नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने अभी तक उन्हें बेटे की मौत की खबर नहीं दी है। घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का ढांढस बंधाने के लिए तांता लगा हुआ है।

हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ लाई जाएगी राहुल की पार्थिव देह

प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार वायनाड के अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद राहुल की पार्थिव देह को एयरलिफ्ट कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से चंडीगढ़ लाया जाएगा। वहां से विशेष एम्बुलेंस द्वारा शव को उनके पैतृक गांव डोह पहुंचाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles