Kinnaur News: किन्नौर में डंपर गुजरते ही ताश के पत्तों की तरह ढहा लोहे का पुल, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां के उरनी क्षेत्र में स्थित एक मजबूत लोहे का पुल अचानक कुछ ही सेकंड में भरभराकर ढह गया। इस हादसे के वक्त एक भारी डंपर ट्रक पुल पार कर रहा था, जो सीधे नीचे खाई में जा गिरा।

राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी की जान नहीं गई। डंपर का ड्राइवर पूरी तरह सुरक्षित है। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहला ट्रक तो आसानी से निकल जाता है।

- Advertisement -

ओवरलोड रेत के डंपर के कारण हुआ बड़ा हादसा

जैसे ही रेत से भरा दूसरा ओवरलोड डंपर पुल के बीच पहुंचता है, अचानक लोहे का पूरा ढांचा टूट जाता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक पुल गिरने के दौरान एक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इस आवाज से पूरे इलाके में तुरंत अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

हादसे की खबर मिलते ही टापरी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है। चोलिंग नाम का यह पुल किन्नौर, लाहौल-स्पीति और शिमला को जोड़ता था।

पुल टूटने से तीनों बड़े जिलों के बीच का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पूरी तरह कट गया है। यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक रूट डायवर्ट किए हैं। रामपुर और शिमला से रिकांग पियो, कल्पा और सांगला जाने वाले वाहन अब चागांव-उरनी लिंक रोड का इस्तेमाल करेंगे।

एनएचएआई के असिस्टेंट इंजीनियर उमेश लार्जू ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण क्षमता से अधिक भार होना है। इस रूट पर ओवरलोड वाहनों के आने-जाने पर पहले से सख्त पाबंदी थी। विभाग ने इसके लिए बकायदा चेतावनी बोर्ड भी लगाए थे, लेकिन नियमों की अनदेखी की गई।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles