Panchkula News: हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) ने संविदा कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने 1987 कच्चे कर्मचारियों के लिए सत्यापन शेड्यूल जारी कर दिया है। इस प्रक्रिया से इन कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित हो सकेगी। इसके लिए सभी डिवीजनों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एचवीपीएनएल पंचकूला के अवर सचिव की तरफ से यह आदेश जारी किए गए हैं। सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों (डीडीओ) को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्हें पात्र कर्मचारियों की पूरी सर्विस फाइल तय तारीख पर पेश करनी होगी। रिकॉर्ड जांच के बाद कर्मचारियों का डाटा वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
पंचकूला से लेकर फरीदाबाद तक का पूरा शेड्यूल जारी
तय शेड्यूल के मुताबिक 15 जुलाई को पंचकूला, अंबाला और धूलकोट में सत्यापन होगा। यमुनानगर, करनाल और कैथल के लिए 16 और 17 जुलाई की तारीख तय है। 20 जुलाई को कुरुक्षेत्र और रोहतक, 21 जुलाई को पानीपत, जबकि हिसार, भिवानी, सिरसा और जींद डिवीजन में 22 जुलाई को सत्यापन किया जाएगा।
इसके बाद 23 जुलाई को गुरुग्राम डिवीजन का सत्यापन होना निर्धारित किया गया है। रेवाड़ी और मानेसर के लिए 24 जुलाई की तारीख तय की गई है। आखिर में 27 जुलाई को फरीदाबाद और पलवल डिवीजन के कर्मचारियों का सत्यापन होगा। अधिकारियों को इसी तय समय के अनुसार पूरी प्रक्रिया निपटानी होगी।

