Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के डोडा-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे (NH-244) पर भारी बारिश के बाद भीषण लैंडस्लाइड हुआ है। यह घटना डोडा के प्रेम नगर इलाके में हुई है। मलबे की चपेट में आने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत एक्शन लेते हुए इस पूरे रूट को बंद कर दिया है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
इस हादसे के बाद डोडा और किश्तवाड़ के जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने लोगों से बिना किसी जरूरी काम के यात्रा न करने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और लैंडस्लाइड की आशंका वाली जगहों से बिल्कुल दूर रहने की हिदायत दी है।
सुरक्षा कारणों से मचैल यात्रा रुकी, कंट्रोल रूम से लें जानकारी
खराब मौसम और हाईवे बंद होने की वजह से प्रसिद्ध मचैल यात्रा को भी अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले डोडा, किश्तवाड़ या जम्मू के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से संपर्क करें। वहां से सड़क की सही स्थिति जानकर ही घर से बाहर निकलें।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हाईवे से मलबा हटाने और सड़क बहाली का काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करने और केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करने की अपील की है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
