Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट डल्हौजी में सैलानियों के साथ धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एसडीएम दफ्तर के बाहर बनी बिल्कुल फ्री सरकारी पार्किंग में एक निजी ठेकेदार के कर्मचारी ने जबरन पर्ची काट दी। इस अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
डल्हौजी में सरकारी पार्किंग के नाम पर खुली लूट
पंजाब के कपूरथला से डल्हौजी घूमने आए एक टूरिस्ट हरनीत सिंह इस ठगी का शिकार हुए हैं। पीड़ित पर्यटक नागरिक अस्पताल में जरूरी दवाइयां लेने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी को मात्र 10 मिनट के लिए वहां खड़ा किया था। इसी दौरान पार्किंग ठेकेदार के स्टाफ ने उनसे अवैध रूप से ₹100 वसूल लिए।
पीड़ित सैलानी के विरोध करने पर आरोपी कर्मचारी ने उनके साथ बेहद बदतमीजी और दुर्व्यवहार भी किया। आपको बता दें कि यह पूरी जगह एसडीएम कार्यालय, तहसील, सिविल अस्पताल और सरकारी बैंक आने वाले आम लोगों के लिए पूरी तरह निशुल्क है। यहां किसी भी तरह का शुल्क लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
एसडीएम अनिल भारद्वाज ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए डल्हौजी के एसडीएम अनिल भारद्वाज ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि फ्री सरकारी पार्किंग क्षेत्र में किसी भी तरह की फीस वसूलना पूरी तरह गैरकानूनी है। प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और दोषियों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
Reported By: Sunita Gupta

