Himachal News: हिमाचल प्रदेश में ड्रग्स के खिलाफ जारी बड़े एक्शन में चम्बा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने चम्बा-जोत मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के पास से करीब 7.87 ग्राम चिट्टा बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस की यह स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट मुख्य आरक्षी योगराज के नेतृत्व में चम्बा-जोत रोड पर हनुमान मंदिर के पास रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जोत की तरफ से बाइक पर आ रहे एक युवक को टीम ने शक के आधार पर रोका। कड़क पूछताछ के बाद पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो यह ड्रग्स बरामद हुआ।
Chamba District News: पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर ही दबोचा
पकड़े गए आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सावन जरियाल के रूप में हुई है, जो चम्बा तहसील के घोल्टी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना चम्बा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आरोपी से बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स को लेकर पूछताछ कर रही है।
चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चम्बा जिले के भीतर नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का यह सख्त सर्च ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस विभाग नशे के इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

