Patna News: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसके बाद जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने सोमवार को बड़ा बयान देकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।
बांकीपुर उपचुनाव पर जेडीयू नेता संजय झा का बड़ा बयान
जेडीयू नेता संजय झा ने प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को कहीं से भी चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है। चुनाव में जनता ही असली मालिक होती है और वही सब तय करती है। बांकीपुर सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।
बीजेपी नेता नितिन नवीन की प्रतिष्ठा से जुड़ी बांकीपुर सीट
संजय झा ने नितिन नवीन का जिक्र करते हुए कहा कि यह सीट प्रतिष्ठा का विषय है। वह शायद पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिनकी दिल्ली में सरकार है और वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। बांकीपुर के विधायक को इतनी बड़ी प्रतिष्ठा मिली है और अब उसी सीट पर दोबारा उपचुनाव होने जा रहा है।
डबल इंजन सरकार के भरोसे एनडीए की जीत का बड़ा दावा
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय भी हमने कहा था कि बिहार और देश में काम कर रही डबल इंजन सरकार को कोई खोना नहीं चाहता है। हमें पूरा भरोसा है कि बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगा।

