माइक्रोसॉफ्ट की गेमिंग कंपनी एक्सबॉक्स में बड़ी छंटनी, 3200 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी

Washington News: टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट के स्वामित्व वाली दिग्गज गेमिंग कंपनी एक्सबॉक्स ने अपने वर्कफोर्स में भारी कटौती का बड़ा ऐलान किया है। कंपनी अगले एक साल के भीतर अपने कुल वर्कफोर्स के 20 प्रतिशत कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। इस बड़े फैसले से लगभग 3,200 कर्मचारियों की नौकरी चली जाएगी।

- Advertisement -

एक्सबॉक्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशा शर्मा ने कर्मचारियों को भेजे एक आधिकारिक ईमेल में इस कड़े फैसले की जानकारी दी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि वर्तमान में कंपनी का बिजनेस स्वस्थ नहीं है। कंपनी इस संकट से उबरने के लिए अपने पूरे बिजनेस मॉडल में बड़े बदलाव कर रही है।

कंपनी में छंटनी का मुख्य कारण और समय सीमा

योजना के अनुसार 1,600 कर्मचारियों की छंटनी सोमवार को ही पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद शेष प्रभावित कर्मचारियों को वित्त वर्ष 2027 (FY27) के दौरान कंपनी से बाहर निकाला जाएगा। आशा शर्मा के अनुसार एक्सबॉक्स का मुनाफा प्रतिस्पर्धी कंपनियों की तुलना में 3 से 10 गुना तक कम चल रहा है।

चौंकाने वाली बात यह है कि गेमिंग कंपनी निवेश किए गए प्रत्येक एक डॉलर पर 64 सेंट का भारी नुकसान उठा रही है। यह छंटनी माइक्रोसॉफ्ट की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में अपना निवेश बढ़ाने के लिए कुल 4,800 नौकरियां खत्म कर रही है।

- Advertisement -

मैनेजमेंट में बदलाव और गेमिंग स्टूडियो की बिक्री

कंपनी को फिर से पैरों पर खड़ा करने के लिए सीईओ ने कई बड़े संगठनात्मक बदलावों की घोषणा की है। कंपनी में प्रबंधन की परतों (मैनेजमेंट लेयर्स) को 14 से घटाकर अधिकतम 5 या 3 किया जाएगा। इसके अलावा एक्सबॉक्स अपने चार गेमिंग स्टूडियो को पूरी तरह से बेच देगा।

कंपनी के ‘मोजैंग’ और ‘किंग’ जैसे बड़े गेमिंग स्टूडियो अब सीधे सीईओ को रिपोर्ट करेंगे। इसके साथ ही वेंडर खर्च में 50 प्रतिशत की भारी कटौती की जाएगी। दिग्गज हेलेन च्यांग को एक्सबॉक्स का नया चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) नियुक्त किया गया है, जो पूरे बिजनेस मॉडल की जवाबदेही संभालेंगी।

सीईओ आशा शर्मा ने भरोसा दिलाया है कि ये कड़े बदलाव एक्सबॉक्स को अगले दशक में एक बड़ी और मजबूत कंपनी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी इस साल पहले की तरह ही निवेश जारी रखेगी। हालांकि अब यह निवेश अधिक स्पष्टता और अनुशासन के साथ स्वतंत्र क्रिएटर्स की मदद के लिए होगा।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles