Health: हमारे शरीर का पावरहाउस कहा जाने वाला लिवर बेहद महत्वपूर्ण अंग है। यह खून की सफाई से लेकर खाना पचाने तक 500 से ज्यादा जरूरी काम अकेले संभालता है। ऐसे में जब इस अहम अंग पर कोई खतरा मंडराता है, तो हमारा शरीर कुछ खास इशारे देने लगता है।
लिवर के हिस्से में होने वाला दर्द भी ऐसा ही एक बड़ा अलार्म है। इसे आम समझकर नजरअंदाज करना सेहत के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। यह अंग पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में पसलियों के ठीक नीचे स्थित होता है।
यदि इस हिस्से में लगातार दर्द, भारीपन या दबाव महसूस हो रहा है, तो यह लिवर से जुड़ी बीमारी का संकेत है। कुछ लोगों को इस दर्द के साथ पेट में गंभीर सूजन या असहजता भी महसूस हो सकती है।
खराब लाइफस्टाइल से बढ़ रही हैं बीमारियां
आजकल खराब खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण फैटी लिवर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस स्थिति में लिवर में अतिरिक्त चर्बी जमा होने लगती है। इसके कारण अंगों में सूजन और दर्द की शिकायत शुरू हो जाती है।
इसके अलावा हेपेटाइटिस ए, बी और सी जैसे वायरल संक्रमण भी लिवर को सीधे प्रभावित करते हैं। इसके कारण लिवर में भारी सूजन आ जाती है। मरीज को दर्द, थकान, भूख कम लगना तथा कमजोरी जैसी समस्याएं झेलनी पड़ती हैं।
लंबे समय तक अत्यधिक शराब पीने से लिवर की स्वस्थ कोशिकाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने लगती हैं। इससे लिवर में सूजन पैदा हो सकती है। समय के साथ यह आदत गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा काफी बढ़ा देती है।
सिरोसिस और संक्रमण का बड़ा खतरा
लिवर सिरोसिस को इस अंग की सबसे गंभीर बीमारी माना जाता है। इसमें स्वस्थ लिवर ऊतक धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होकर स्कार टिश्यू में बदलने लगते हैं। शुरुआती चरण में इसके लक्षण बहुत सामान्य हो सकते हैं, लेकिन देरी खतरनाक हो सकती है।
कुछ मामलों में खतरनाक बैक्टीरियल संक्रमण के कारण लिवर में फोड़ा भी बन सकता है। ऐसी स्थिति पैदा होने पर मरीज को तेज दर्द, तेज बुखार, भारी कमजोरी और बेचैनी जैसी कई गंभीर शारीरिक समस्याएं सामने आ सकती हैं।
त्वचा और आंखों का पीला पड़ना, अत्यधिक थकान, भूख कम लगना और बार-बार उल्टी आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। यदि लिवर के आसपास दर्द लगातार बना रहे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच ही बचाव है।
Author: Asha Thakur


