Himachal Pradesh News: हमीरपुर जिले के सुजानपुर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटकता हुआ मिला है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
माता-पिता के साथ सोया था छात्र, सुबह मिला शव
यह दुखद मामला ग्राम पंचायत पटलांदर का है, जहां मृतक छात्र अपने परिवार के साथ किराए के कमरे में रहता था। वह निजी शिक्षण संस्थान डीएवी आलमपुर में ग्यारहवीं कक्षा का छात्र था। सोमवार रात को वह अपने माता-पिता के साथ कमरे में बैठकर सामान्य रूप से पढ़ाई कर रहा था। इसके बाद सभी लोग सो गए थे।
सुबह कमरे में मची चीख-पुकार, लोग हुए इकट्ठा
मंगलवार सुबह जब माता-पिता की आंख खुली, तो उन्होंने अपने बच्चे को फंदे पर लटका हुआ पाया। घर में अचानक चीख-पुकार मचने के बाद आस-पास के पड़ोसी तुरंत वहां इकट्ठा हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सुजानपुर थाना पुलिस को इस दुखद घटना के बारे में सूचित किया।
मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट, शिक्षको पर आरोप
थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भिजवा दिया है। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक बच्चे की पेंट की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
टीचरों की प्रताड़ना से तंग आकर उठाया खौफनाक कदम
सुसाइड नोट में छात्र ने अपनी मौत का जिम्मेदार स्कूल में तैनात शिक्षकों को ठहराया है। छात्र ने लिखा है कि स्कूल के शिक्षक उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पीड़ित परिवार मूल रूप से कांगड़ा जिले का रहने वाला है और पिता मार्केटिंग का कार्य करते हैं।

