LPG News: पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी सिलेंडर रिफिल बुकिंग की समय सीमा में बदलाव की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। कई सोशल मीडिया पोस्ट और कुछ समाचार रिपोर्टों में परिवर्तन का दावा किया जा रहा था। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि रिफिल बुकिंग की मौजूदा समय-सीमा पूर्ववत बनी हुई है और किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सोशल मीडिया पर क्या दावा किया गया था?
मंत्रालय केअनुसार, सोशल मीडिया और समाचार रिपोर्टों पर दावा किया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत दिए गए कनेक्शन की रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल सिलेंडर के लिए 25 दिन और गैर-पीएमयूवाई डबल सिलेंडर के लिए 35 दिन की समय-सीमा तय की गई है। मंत्रालय ने इन सभी दावों को पूरी तरह गलत बताया है।
मौजूदा नियम क्या हैं?
सरकार सेमिली जानकारी के अनुसार, रिफिल बुकिंग की वर्तमान समय-सीमा इस प्रकार है:
· शहरी क्षेत्रों में 25 दिन
· ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन
यह नियम सभी उपभोक्ताओं पर एक समान लागू होता है। कनेक्शन की श्रेणी (पीएमयूवाई या गैर-पीएमयूवाई) से इसका कोई सरोकार नहीं है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस नियम में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना क्या है?
प्रधानमंत्रीउज्ज्वला योजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान करना है। इसके माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना और उन्हें स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना है। सरकार ने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत भी रिफिल बुकिंग की समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
पेट्रोलियम मंत्रालय नेनागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। सरकार ने कहा है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और चिंता का कोई कारण नहीं है। लोगों को एलपीजी रिफिल की अनावश्यक या घबराहट में बुकिंग से बचने की सलाह दी गई है। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


